चेन्नई। आने वाले दिनों में हो सकता है कि आप एटीएम में पैसे निकालने जाएं और मशीन की तरफ देखें और मशीन आपको पैसा दे दे। चौंकिए नहीं, देश के कुछ निजी बैंक एटीएम में रेटिना को पढ़ने वाले सिस्टम लगाने की योजना बना रहे हैं जो आपकी आंखों की रेटिना को स्कैन करेंगे और आपको बिना किसी तकलीफ के पैसा निकालकर दे देंगे।
डीसीबी बैंक, एक्सिस बैंक और कोटक महेंद्रा बैंक इस योजना पर काम कर रहे हैं। एक्सिस बैंक के एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर राजीव आनंद के मुताबिक उन्होंने एटीएम में बायोमेट्रिक सिस्टम की शुरूआत की थी जोकि काफी सफल रही जिसमें मशीन पर उंगली रखने से सही ग्राहक की पहचान हो जाती थी, लेकिन कई बार उंगली में चोट लग जाने या त्वचा की किसी समस्या की वजह से एटीएम से पैसा निकालने में दिक्कत होती है इसलिए रेटिना स्कैन के विकल्प पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने ये भी कहा कि रेटिना स्कैन से किसी तरह की समस्या नहीं होगी और ये बायमेट्रिक की अपेक्षा ज्यादा आसान भी होगा खासकर उन उपभोक्ताओं के लिए जो कम पढ़े लिखे हैं।
डीसीबी बैंक के मैनेजिंक डॉयरेक्टर मुरली नटराजन ने कहा कि फिंगरप्रिंट स्कैनर की योजना बनाने के बाद उसे लागू करने में महज चार महीने का समय लगा इसलिए अगर रेटिना स्कैन पर भी एक निश्चित राय बन जाती है को उसे पूरा करने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।